नागौर में 26 जनवरी से पहले बड़ा खुलासा, 9550 किलो विस्फोटक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

नागौर में 26 जनवरी से पहले बड़ा खुलासा, 9550 किलो विस्फोटक बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार



नागौर।
राजस्थान के नागौर जिले में गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस ने एक बड़ी और संवेदनशील कार्रवाई को अंजाम देते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। थांवला थाना क्षेत्र के हरसौर गांव की सरहद में स्थित एक खेत में बने कमरों से पुलिस ने 9550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट जब्त किया है। यह विस्फोटक 187 कट्टों में भरकर अवैध रूप से संग्रहित किया गया था।

इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार नागौर पुलिस को अवैध रूप से विस्फोटक जमा किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद जिला विशेष टीम (DST) और थांवला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने हरसौर इलाके में दबिश दी। तलाशी के दौरान खेत में बने कमरों से भारी मात्रा में विस्फोटक और उससे जुड़े उपकरण बरामद किए गए।

आरोपी सुलेमान खान गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से सुलेमान खान (50 वर्ष) पुत्र करीम खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरसौर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुलेमान खान के खिलाफ पहले से ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

डेटोनेटर और फ्यूज वायर भी जब्त

नागौर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि केवल अमोनियम नाइट्रेट ही नहीं, बल्कि विस्फोटक बनाने और इस्तेमाल में आने वाली अन्य सामग्री भी बड़ी मात्रा में बरामद की गई है। जब्त सामान में शामिल हैं—

  • 9550 किलो अमोनियम नाइट्रेट (187 कट्टे)
  • 9 कार्टून डेटोनेटर
  • 12 कार्टून व 15 बंडल नीली बत्ती वायर
  • 12 कार्टून व 5 बंडल लाल बत्ती वायर
  • गुल्ले, लकड़ी के कार्टून और अन्य विस्फोटक उपकरण

अवैध खनन से जुड़ा हो सकता है मामला

एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध खनन करने वालों को विस्फोटक सप्लाई करता था। हालांकि पुलिस इस एंगल के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां से लाया गया और इसका उपयोग किन-किन जगहों पर होना था।

केंद्रीय एजेंसियां भी करेंगी पूछताछ

गणतंत्र दिवस से पहले इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक मिलने के बाद पुलिस ने मामले की सूचना केंद्रीय एजेंसियों को भी दे दी है। संभावना है कि केंद्रीय एजेंसियां आरोपी से अलग से पूछताछ करेंगी और पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी।

विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस विस्फोटक सामग्री का अंतिम उद्देश्य क्या था।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल और राहत

26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्व से पहले इस तरह की कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। समय रहते विस्फोटक बरामद होने से किसी बड़ी अनहोनी की आशंका टल गई है, जिससे प्रशासन और आम लोगों ने राहत की सांस ली है।



Post a Comment

Previous Post Next Post